गंदगी देख निगमायुक्त हुए नाराज, अधिकारियों को दी चेतावनी
ग्वालियर । निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने सोमवार को प्रातः ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा जगह जगह गंदगी एंव जल भराव देखकर नाराजगी व्यक्त करते हुए जल निकासी के लिए नाला निर्माण का प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से साफ सफाई कराने की चेतावनी दी।
निगमायुक्त चौधरी ने डीबी मॉल से आकाशवाणी क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा रोड पर जल भराव को देखकर नाराजगी व्यक्त करते हुए नाला निर्माण का प्रस्ताव बनाने के निर्देश सहायक यंत्री अमित गुप्ता को दिए। इसके साथ ही डीबी मॉल के सामने एवं ग्वालियर पूर्व डिपो के बाहर जल भराव एवं गंदगी को देखकर नाराजगी व्यक्त की तथा कार्यपालन यंत्री महेन्द्र प्रसाद अग्रवाल को नियमित रूप से सफाई कराने एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को कचरे के ढेर साफ कराने के निर्देश दिए। इसके पश्चात आकाशवाणी से मयूर मार्केट थाटीपुर रोड का निरीक्षण किया तथा स्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। साथ ही तरूण विहार नाले की सफाई कराने एवं नाला निर्माण के लिए भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही मुरार श्मशान रोड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनेक स्थानों पर गंदगी पाई गई, जिस पर क्षेत्र के डब्ल्यूएचओ एवं स्वास्थ्य अधिकारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सफाई कराने निर्देश दिए और यह भी कहा कि सफाई कराने के बाद यह सुनिश्चित करें कि यहां पुनः गंदगी न हो। निगमायुक्त के निर्देश के पालन में स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी द्वारा तत्काल कर्मचारी एवं मशीन लगाकर सफाई कराई गई। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मुकेश बंसल, अधीक्षण यंत्री सुरेश अहिरवार, कार्यपालन यंत्री महेंद्र प्रसाद अग्रवाल, पवन शर्मा, सहायक यंत्री अमित गुप्ता, श्रीमती अभिलाषा बघेल, राजू गोयल, भवन अधिकारी यशवंत मेकले, नोडल अधिकारी केशव चौहान, डिपो प्रभारी रामू सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।