ग्वालियर। क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया के ग्वालियर चैप्टर द्वारा 34वाँ क्वालिटी कॉन्सेप्ट्स कन्वेंशन आईटीएम कॉलेज के प्रांगण में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गेल इंडिया, दिल्ली के ईडी (क्वालिटी एवं टीक्यूएम) कपिल कुमार जैन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईटीएम यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर डॉ. दौलत सिंह चौहान ने की। कन्वेंशन में विशिष्ट अतिथियों के रूप में क्यूसीएफआई के नेशनल प्रेसिडेंट अविनाश मिश्रा, ईडी श्री डी.के. श्रीवास्तव तथा नॉर्थ जोन इंचार्ज अविनाश उपाध्याय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत क्यूसीएफआई ग्वालियर चैप्टर के सीओओ थॉमस मैथ्यू ने किया। चैप्टर की गतिविधियों के उद्देश्य एवं लक्ष्यों पर चेयरमैन श्री एस.के. सत्पथी ने प्रकाश डाला। सचिव संतोष पाठक ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राजेश छाबड़ा, राजेश खन्ना, अब्दुल समद, डॉ. राजेश्वरी सावंत, मुकुल चतुर्वेदी एवं डॉ. मीनाक्षी मजूमदार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कन्वेंशन में लगभग 700 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न संस्थानों की टीमों ने अपने कार्यस्थलों से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान पर आधारित 105 उत्कृष्ट केस स्टडीज प्रस्तुत कीं। इन केस स्टडीज का अनुभवी जूरी सदस्यों द्वारा मूल्यांकन किया गया। टीमों के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किए गए। इसके साथ ही पोस्टर, कविता, स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कन्वेंशन में विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं शैक्षणिक संस्थानों ने सक्रिय सहभागिता की। इनमें गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया (गेल), दिल्ली, राष्ट्रीय केमिकल फर्टिलाइज़र, मुंबई, जेके टायर, गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, एसआरएफ, माँडेलेज़, विक्रम वूलन्स, सूर्या रोशनी, ग्वालियर ग्लोरी हाई स्कूल, लिटिल एंजिल्स स्कूल, ऑक्सफोर्ड स्कूल तथा सिंधिया कन्या विद्यालय सहित अनेक संस्थान शामिल रहे। कन्वेंशन ने कार्यस्थल पर गुणवत्ता सुधार, समस्या समाधान, टीमवर्क और निरंतर सुधार की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ प्रतिभागियों को अपने अनुभव एवं नवाचार साझा करने का प्रभावी मंच प्रदान किया।