बलराम जयंती महोत्सव एवं सहकारी किसान समागम की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करें: संभाग आयुक्त खत्री
ग्वालियर । ग्वालियर में 2 सितम्बर को आयोजित होने वाले बलराम जयंती महोत्सव एवं सहकारी किसान समागम कार्यक्रम पूर्ण गरिमा और भव्यता के साथ आयोजित किया जाए। कार्यक्रम में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल एवं पार्किंग आदि की व्यवस्थायें भी सुनिश्चित की जाएं। यह बात संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने सोमवार को बलराम जयंती महोत्सव एवं सहकारी किसान समागम के आयोजन के संबंध में विभागीय अधिकारियों से चर्चा करते हुए कही।
संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने कहा है कि बलराम जयंती महोत्सव एवं सहकारी किसान समागम में आने वाले ग्वालियर एवं अन्य जिलों के किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, उनके वाहनों के लिये व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही कार्यक्रम के लिये एक कंट्रोल रूम भी गठित किया जाए, जिसके माध्यम से कार्यक्रम में आने वाले किसानों को सभी सुविधाओं और आवागमन, पार्किंग के संबंध में सभी प्रकार की जानकारी प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान शहर के यातायात प्रबंधन को भी व्यवस्थित रखा जाए। इसके लिये यातायात पुलिस के माध्यम से समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से नागरिकों को भी जानकारी प्रदान की जाए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने ग्वालियर में 2 सितम्बर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा के लिये प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने भी नगर निगम के माध्यम से कार्यक्रम के संबंध में की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। यातायात पुलिस के माध्यम से भी यातायात प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी गई। बैठक में निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एडिशनल एसपी सुजावल जग्गा, एसडीएम अतुल सिंह, नरेन्द्र बाबू यादव, नरेशचंद गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।