ग्वालियर। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 मुरार के 645 एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से विशाल जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ करने से पहले संस्था के प्राचार्य प्रबुद्ध गर्ग ने अपने सारगर्भित उद्बोधन से एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा "सड़क सुरक्षा केवल एक औपचारिकता या अभियान तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हमारे और हमारे अपनों के जीवन की रक्षा से जुड़ा एक अति महत्वपूर्ण पहलू है। यातायात के नियमों का पालन हम सभी को पूर्ण गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। रैली का शुभारंभ संस्था के प्राचार्य प्रबुद्ध गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली मुरार शहर के प्रमुख मार्गों माल रोड, बारादरी चौराहा और सदर बाजार से होते हुए कालीमाई संतर पहुंची और तत्पश्चात विद्यालय प्रांगण में संपन्न हुई। रैली के दौरान विद्यार्थियों और कैडेट्स ने हाथों में सड़क सुरक्षा से संबंधित स्लोगन व तख्तियां थाम रखी थीं। रैली का सफल आयोजन एनसीसी अधिकारी फर्स्ट ऑफिसर धर्मपाल सिंह बघेल, सेकंड ऑफिसर मुकेश कुमार जाटव तथा सेकंड ऑफिसर राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती रेखा मुले, पी.पी. सोलंकी, ओपी गोयल, डाॅ दीप्ती गौड, श्रीमती देव, श्रीमती दीपाली कुलश्रेष्ठ, कीर्ती मिश्रा, राजेश शर्मा, श्रीमती सीमा गुप्ता, अजय उपाध्याय, नीरज विलाटिया सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।