खजुराहो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर श्री मतंगेश्वर सेवा समिति, खजुराहो एवं दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर के तत्वावधान में खजुराहो के प्रमुख मंदिरों में भव्य दीपोत्सव, दीप प्रज्वलन एवं श्री मतंगेश्वर महादेव मंदिर में विशेष महाआरती का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना से आयोजित यह कार्यक्रम पिछले 18 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत उनके गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुई थी।
कार्यक्रम के दौरान कंदारिया महादेव, जगदम्बा देवी, प्रतापेश्वर, विश्वनाथ एवं लक्ष्मण मंदिर में दीप प्रज्वलित किए गए। साथ ही मतंग ऋषि, सन्यासी बाबा (बागेश्वर धाम), पंडित देव प्रभाकर शास्त्री, मतंग धूना (झाड़ू वाले बाबा), नारायण महाराज, प्रेमगिरि महाराज, आचार्य विद्यासागर महाराज, ब्रह्म बाबा (ब्रह्माकुमारी), भगवान रजनीश (ओशो) सहित ब्रह्मलीन संतों तथा भगवान शिव के 18 ज्योतिर्लिंगों का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि, विश्व शांति एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना की गई। इसके पश्चात श्री मतंगेश्वर महादेव मंदिर में विशेष महाआरती सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
विदेश प्रवास पर रहे श्री मतंगेश्वर सेवा समिति एवं दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर के प्रमुख पंडित सुधीर शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए "वसुधैव कुटुम्बकम्" का संदेश दिया तथा राष्ट्रहित और विश्व शांति के लिए सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने खजुराहो के मंदिरों में हुए ऐतिहासिक दीपोत्सव के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एवं प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष महाआरती में शामिल हुए। उन्होंने श्री मतंगेश्वर सेवा समिति, खजुराहो एवं दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को इस भव्य एवं सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड एवं यूरोप की यात्रा के दौरान उन्हें पंडित शर्मा द्वारा योग, अध्यात्म एवं सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे कार्यों को निकट से देखने और समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि पंडित सुधीर शर्मा विदेशों में भारतीय संस्कृति, योग, अध्यात्म एवं सनातन परंपरा के प्रचार-प्रसार में अत्यंत सराहनीय कार्य कर रहे हैं, जिससे भारत की सांस्कृतिक पहचान विश्व स्तर पर और अधिक सशक्त हो रही है। श्री बरुआ ने समिति को आश्वस्त किया कि भविष्य में यदि किसी भी प्रकार की प्रशासनिक सहायता की आवश्यकता हो तो वे सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर भोपाल आकर उनसे संपर्क किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना के लिए जैन समाज द्वारा श्री आदिनाथ एवं श्री शांतिनाथ जैन मंदिरों में अभिषेक, शिरोधारा एवं धार्मिक पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एस्टोनिया से पधारे मार्टिन कार्रो तथा भक्ति योगी श्री श्री 108 त्यागी महाराज रहे। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद वितरण की व्यवस्था परशुराम तिवारी एवं शैलेन्द्र सिंह यादव ने संभाली। कार्यक्रम में राकेश राजोरिया, मीना अनुरागी, रीना अनुरागी, अखिलेश शुक्ला, सपना शुक्ला, राज रैकवार, ओशो सेंटर के स्वामी चेतन्य एवं माँ विमला सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।