7 दिन में तीसरी बार खुले तिघरा बांध के गेट, 3 गेट ढाई फीट तक खोले गए
ग्वालियर। शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले तिघरा बांध का जलस्तर गुरुवार शाम 4 बजे 739.65 फीट पर पहुंच गया। ऊपर से कैचमेंट एरिया में काली घटाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया।
स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग की टीम पहले से ही अलर्ट पर थी। जलस्तर बढ़ता देख तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी वीरेंद्र सिंह यादव एवं मयंक कटारे मौके पर पहुंचे। बारिश की स्थिति और जलस्तर के मेजरमेंट को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से बांध के निचले क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर मुनादी कराई गई। ठीक शाम 7.30 बजे तिघरा बांध के तीन गेट ढाई फीट की ऊंचाई तक खोल दिए गए, जिससे जल निकासी शुरू हो गई।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जलस्तर को मेंटेन रखने के लिए 7 दिन में तीसरी बार गेट खोलने पड़े हैं। इससे पहले 11 सितंबर को तीन गेट 9 इंच तक खोले गए थे, फिर 13 सितंबर को दूसरी बार तीन गेट 3 फीट तक खोले गए थे। अब गुरुवार को तीसरी बार ढाई फीट तक गेट खोलने पड़े हैं। अधिकारियों ने बताया कि यदि कैचमेंट एरिया में इसी तरह बारिश जारी रही तो देर रात तक गेट खुले रखे जा सकते हैं। तिघरा से निकला यह पानी संक नदी के माध्यम से मुरैना के पगारा और पीपलबा बांध तक जाएगा।