झाँस। उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल द्वारा क्षेत्रीय व्यापार और माल ढुलाई को सुगम एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रेलवे द्वारा झाँसी मंडल के अंतर्गत भिंड रेलवे स्टेशन पर गुड्स शेड (माल गोदाम) खोलने के लिए स्थायी आधार पर तत्काल प्रभाव से प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। भिंड स्टेशन को इनवर्ड (आवक) तथा आउटवर्ड (जावक) दोनों प्रकार के माल यातायात के लिए खोल दिया गया है।
इसके तहत क्षेत्रीय व्यापारियों, किसानों और औद्योगिक इकाइयों को माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग की पूर्ण सुविधा प्राप्त होगी, हालांकि सुरक्षा और परिचालन नियमों के तहत कोयला, स्टील, लोहा तथा पेट्रोलियम, तेल एवं लुब्रिकेंट्स के परिवहन को इस अनुमति से बाहर रखा गया है। इन विशिष्ट सामग्रियों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के वैध माल की ढुलाई यहाँ से स्थायी रूप से की जा सकेगी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि भिंड स्टेशन पर गुड्स शेड के स्थायी संचालन की प्रशासनिक अनुमति मिलने से चंबल एवं बुंदेलखंड अंचल के स्थानीय व्यापार को एक नया संबल मिलेगा। अब क्षेत्रीय व्यापारी और कृषि उत्पादक अपने सामान को सड़क मार्ग की अपेक्षा अधिक किफायती, सुरक्षित और द्रुत गति से देश के प्रमुख बाजारों तक सीधे रेल नेटवर्क के माध्यम से पहुँचा सकेंगे। रेलवे प्रशासन ने सभी इच्छुक व्यापारियों और ट्रांसपोर्टर्स से माल बुकिंग व लॉजिस्टिक्स सुविधाओं की विस्तृत जानकारी के लिए निकटतम रेलवे वाणिज्य शाखा अथवा स्टेशन प्रशासन से संपर्क करने का आह्वान किया है।