झांसी। स्वच्छता को जनभागीदारी और रोजमर्रा की आदतों से जोड़ने के उद्देश्य से झांसी रेल मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कर्टेन रेजर कार्यक्रम के माध्यम से अभियान की शुरुआत की। इस वर्ष अभियान का विषय “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” है। अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर, स्वच्छ भारत दिवस तक विभिन्न चरणों में आयोजित किया जाएगा।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ यात्रियों, रेलकर्मियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। स्वच्छता को निरंतर व्यवहार का हिस्सा बनाकर ही स्वच्छ रेल और स्वच्छ परिसर की संकल्पना को मजबूत किया जा सकता है। ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत झांसी मंडल के स्टेशनों, ट्रेनों, रेलवे कॉलोनियों, कार्यालयों, कोचिंग डिपो, कार्यशालाओं, अस्पतालों तथा अन्य रेलवे परिसरों में विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के दौरान स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (CTU) एवं Garbage Vulnerable Points (GVPs) की सफाई एवं रूपांतरण, स्वच्छ स्टेशन एवं स्वच्छ रेलगाड़ी, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, ठोस कचरा प्रबंधन, कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, होम कम्पोस्टिंग तथा स्वच्छता जागरूकता जैसी गतिविधियों पर विशेष जोर रहेगा।
अभियान के अंतर्गत रेलवे स्कूलों एवं विद्यार्थियों को भी जोड़ा जाएगा। ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ के माध्यम से विद्यार्थियों को कोच वॉशिंग लाइन, बायो-टॉयलेट, जल पुनर्चक्रण एवं अन्य स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नुक्कड़ नाटक, कला प्रतियोगिताएं, रैलियां, स्वच्छता शपथ और अन्य जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। स्वच्छता अभियान में सफाईमित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सम्मान को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। स्वास्थ्य जांच शिविर, सुरक्षा उपकरण एवं PPE किट का वितरण तथा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ‘कबाड़ से जुगाड़’ और ‘कबाड़ से कला’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से अपशिष्ट को उपयोगी संसाधन में बदलने तथा पुनर्चक्रण को बढ़ावा दिया जाएगा। अभियान के शुभारंभ अवसर पर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। रेलकर्मियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इसी क्रम में ललितपुर स्टेशन पर ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। वहीं, स्कूली छात्रों ने कोचिंग डिपो, झांसी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान SSE/CHG द्वारा छात्रों को कोच वॉशिंग, पिट लाइन, बायो-टॉयलेट सहित डिपो में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं साफ-सफाई से जुड़े कार्यों की जानकारी दी गई। ग्वालियर तथा डबरा रेलवे स्टेशन एवं रेलवे कॉलोनी में यात्रियों और स्टॉल वेंडरों को गीले एवं सूखे कचरे का उचित पृथक्करण कर निर्धारित रंग की डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया गया। झांसी मंडल में अभियान को चरणबद्ध रूप से आगे बढ़ाते हुए 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के तहत सामूहिक श्रमदान तथा 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर स्वच्छता शपथ, प्रभात फेरी, पौधारोपण एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों/इकाइयों के सम्मान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
झांसी रेल मंडल का प्रयास है कि ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ केवल एक अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि स्वच्छता को रेल यात्रियों, रेलकर्मियों और आमजन के दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाया जाए। मंडल द्वारा सभी रेल यात्रियों, कर्मचारियों, उनके परिवारों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया है। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ डीएनएचएम आनंद गुप्ता, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जे के शर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजिनियर कोचिंग गौरव समेत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।