ग्वालियर। जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत आबकारी विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 13.14 बल्क लीटर अवैध मदिरा तथा मदिरा निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है। कार्रवाई के दौरान 105 लीटर गुड़ लाहन मौके पर नष्ट किया गया। साथ ही आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 5 अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 10 हजार रुपए है।
आबकारी विभाग द्वारा 8 सितंबर को मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं एवं नियमित गश्त के आधार पर हजीरा क्षेत्र, राजा की मंडी, किलागेट, बिरला नगर, बाथम मोहल्ला, लद्देड़ी तथा जलालपुर कंजर डेरा क्षेत्र में आबकारी बल के साथ दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान गोसपुरा नंबर-1, हजीरा में एक व्यक्ति के आधिपत्य से 40 पाव देसी मदिरा प्लेन तथा बाथम मोहल्ला में एक अन्य व्यक्ति के आधिपत्य से 13 पाव देसी मदिरा प्लेन जब्त की गई। जलालपुर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 105 लीटर गुड़ लाहन, 3.6 लीटर हाथभट्टी मदिरा तथा मदिरा निर्माण में प्रयुक्त उपकरण एवं पात्र बरामद किए गए। गुड़ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के आदेशानुसार, आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त, जिला ग्वालियर राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी के साथ सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमीन खान, उमेश स्वर्णकार, दिनेश भार्गव, राकेश मंडलोई, के.एस. मंगोडिया, उप निरीक्षक हरेंद्र मावई एवं शिवा रघुवंशी सहित मुख्य आरक्षक एवं आरक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।