आंगनबाड़ी केन्द्रों पर श्रद्धा भाव और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

ग्वालियर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों में नन्हे-मुन्ने बच्चों और उनके अभिभावकों की सहभागिता से श्रद्धा, उल्लास और भारतीय संस्कृति की जीवंत झलक के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सज-धजकर उत्सव की सुंदर छटा बिखेरी और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र पंजाबी मोहल्ला एवं रमटापुरा-1 पर विशेष आयोजन किया गया। केन्द्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा बच्चों ने श्रीकृष्ण एवं राधा के मनोहारी स्वरूप धारण किए। बालिकाओं एवं बच्चों ने भजन, गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, उनके जीवन-मूल्यों तथा प्रेम, करुणा, मित्रता और सत्य के संदेश से परिचित कराया गया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के माध्यम से बच्चों में भारतीय संस्कृति और हमारी समृद्ध परंपराओं के प्रति रुचि एवं सम्मान विकसित करने का प्रयास किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्सव बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें सामूहिक सहभागिता, आत्मविश्वास और रचनात्मकता की भावना भी विकसित करते हैं।
उत्सव के दौरान बच्चों के चेहरे पर कृष्ण-कन्हैया के बाल रूप की मासूमियत और उल्लास देखते ही बन रहा था। अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और नन्हे कान्हाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। इस अवसर पर बच्चों को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से विशेष पोषण आहार के रूप में खीर, पूड़ी एवं सब्जी का वितरण भी किया गया। राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित हुए इन कार्यक्रमों ने आंगनबाड़ी केन्द्रों को केवल उत्सव का स्थल ही नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति और सामूहिक सहभागिता के सुंदर संगम में परिवर्तित कर दिया। पूरे वातावरण में ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ की भावभूमि साकार होती दिखाई दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती उपसना राय भी इन कार्यक्रमों में शामिल हुईं। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी मनोज गुप्ता, परियोजना शहर-01 के पर्यवेक्षक एवं कार्यकर्ता, अभिभावक तथा क्षेत्र के गणमान्यजन उपस्थित रहे।

posted by Admin
10

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->