सीवर सफाई मशीनरी का निगमायुक्त ने किया परीक्षण
ग्वालियर । शहर की सीवर सफाई व्यवस्था एवं सीवर मशीनरी का नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक चौधरी ने निरीक्षण किया। इसके साथ ही निगमायुक्त ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया, इस दौरान उन्हें गंदगी मिली। नगर निगम आयुक्त ने मौके पर ही कर्मचारियों की उपस्थिति चेक की, जिसमें कई कर्मचारी गायब मिले। निगमायुक्त ने गायब कर्मचारियों एवं क्षेत्र के जेडएचओ एवं डब्ल्यूएचओ पर कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, अधीक्षण यंत्री पीएचई एसएल बाथम, कार्यपालन यंत्री महेंद्र प्रसाद अग्रवाल, शिशिर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शहर की सीवर संधारण व्यवस्था को नगर निगम धीरे-धीरे टेकओवर कर रहा है। नगर निगम आयुक्त ने सीवर सफाई में उपयुक्त होने वाली मशीनों का स्वयं मौके पर खडे होकर परीक्षण किया। सिटी सेंटर स्थित इनकम टैक्स ऑफिस के पास सीवर लाइन को साफ कराने का डेमो देखा। इस दौरान सीवर सफाई में उपयुक्त की जाने वाली सुपर सकर, डिसिल्टिंग मशीन सहित अन्य मशीनों से मौके पर कार्य कराया गया। इस दौरान निगमायुक्त ने मशीनों की कार्यक्षमता को परखा और सफाई में लगने वाले समय आदि की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सिटी सेंटर क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई स्थानों पर गंदगी मिली, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए मौके पर ही कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। इस दौरान कई कर्मचारी गायब मिले, गायब कर्मचारियों पर निगमायुक्त ने कार्रवाई के निर्देश दिए, साथ ही क्षेत्र के जेडएचओ एवं डब्ल्यूएचओ पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निगम आयुक्त ने सीवर संधारण व्यवस्था को देखने के बाद बाल भवन में सीवर संधारण कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं ठेकेदार जयंती सुपर की बैठक बुलाई। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने अधिकारियों को निर्देष दिए कि वह कॉलोनियों की सीवर लाइनों की सफाई कराएं। वहीं ठेकेदार मुख्य सीवर लाइनों की सीवर ट्रीटमेंट प्लांट से सफाई कार्य प्रारंभ करें और अपस्ट्रीम की ओर बढे।