15 दिन का समय है सुधार लें व्यवस्थाः निगमायुक्त चौधरी
ग्वालियर। शहर की सफाई व्यवस्था चाक चैबंद होनी चाहिए, विगत दिनों किए गए निरीक्षण के दौरान कई जगह गंदगी मिली है, जो कि अब नहीं दिखनी चाहिए। अपनी कमियों को दूर करने के लिए आप लोगों के पास 15 दिन का समय है, इसके बाद भी अगर सफाई व्यवस्था नहीं सुधरी तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक में दिए। बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ वैभव श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।
बैठक में निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने निर्देश दिए कि समय से डोर टू डोर टिपर वाहन अपने-अपने क्षेत्रों में कचरा संग्रहण के लिए निकले। सभी टिपर वाहन साफ व स्वच्छ होने चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी ध्यान रखे कि टिपर वाहन पूरा भरने के बाद ही कचरा ट्रांसफर स्टेशन पर पहुंचे। इसके साथ ही सभी टिपर वाहन अपने पूरे चक्कर लगाए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र से शत प्रतिशत कचरा कलेक्शन किया जाए। निगमायुक्त ने निर्देश कि रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था और बेहतर किए जाए। रात्रि के डोर टू डोर कचरा वाहनों की निगरानी की जाए, जिससे वह कचरा वार्ड अथवा खुले स्थान पर डंप ना करे। सभी कर्मचारी कचरा ट्रांसफर स्टेशन पर ही लेकर जाएं। इसके साथ ही कचरा फेंकने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए और जुर्माना वसूला जाए। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने कहा कि आप लोगों के कार्य से ही शहर की छवि बनती एवं बिगड़ती है, अगर आप बेहतर कार्य करेंगे तो सभी कहेंगे कि ग्वालियर काफी साफ व स्वच्छ शहर है, इसलिए आप सभी ईमानदारी से काम करें।