जनभागीदारी से ग्वालियर बनेगा नंबर वनः महापौर
- ग्वालियर ग्लोरी स्कूल ने जीती स्वच्छ विद्यालय प्रतियोगिता
ग्वालियर। नगर निगम द्वारा स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत स्वच्छ विद्यालय प्रतियोगिता-2026 का मुख्य आयोजन राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंथ ठेगढ़ी सभागार में किया गया। इस प्रतियोगिता में शहर के 22 प्रमुख विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच डिबेट (वाद-विवाद) और प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा की गई, जिसमें ग्वालियर ग्लोरी स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रगति विद्यापीठ ने दूसरा एवं ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यालयों के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को मंच पर पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिखा डांस अकादमी द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। वहीं कैरियर लॉच एकेडमी के छात्र छात्राओं द्वारा कार्यक्रम को व्यवस्थित करने में वालंटियर के रूप में भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के जरिए शहर में स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने बच्चों से अपील करते हुए कहा, “जिस प्रकार आप अपने घर को स्वच्छ रखते हैं, उसी प्रकार शहर को भी साफ रखें। ’न हम गंदगी करेंगे और न ही किसी को करने देंगे’, तभी हमारा ग्वालियर देश में नंबर वन बन सकेगा। कार्यक्रम में निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने विद्यार्थियों को कचरे के सही पृथक्करण (सूखा व गीला कचरा अलग करने) और कचरा केवल कचरा वाहन में ही डालने के लिए प्रेरित किया।