भाजपा की दलित विरोधी राजनीति का हर स्तर पर होगा विरोध: सुरेन्द्र यादव
- राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर से नाराज कांग्रेसी धरने पर बैठे
ग्वालियर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा संसद में छुआछूत, सामाजिक भेदभाव एवं दलित सम्मान जैसे गंभीर विषयों को उठाने पर उनके खिलाफ राजनीतिक र्दुभावना से एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में कांग्रेसियों ने फूलबाग स्थित गांधी उद्यान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष शांतिपूर्ण उपवास एवं धरना आयोजित कर विरोध दर्ज कराया।
उपवास आंदोलन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा की राजनीति लगातार संविधान कानून का दुरुपयोग, लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और विपक्ष की आवाज को दबाने का माध्यम बनती जा रही है। अ.भा. कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद मंच का कथित रूप से शुद्धिकरण कराया जाना भाजपा की दलित विरोधी एवं संकीर्ण मानसिकता का परिचायक है। जब इस शर्मनाक घटना पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संविधान की भावना के अनुरूप सामाजिक भेदभाव और छुआछूत के मुद्दे को उठाया, तब भाजपा ने अपनी सोच पर आत्ममंथन करने के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी। यह कार्यवाही किसी एक नेता के खिलाफ नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की आवाज, संविधान के मूल्यों और लोकतंत्र में सवाल पूछने के अधिकार पर सीधा हमला है। उपवास धरने में पूर्व अध्यक्ष चन्द्रमोहन नागोरी, विधायक सहाब सिंह गुर्जर, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, दशरथ सिंह गुर्जर, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष प्रभूदयाल जौहरे, संगठन महामंत्री इब्राहिम पठान, जेएच जाफरी, राजेन्द्र सिंह नाती, वीर सिंह तोमर, श्रीमती सीमा समाधिया, हेवरन सिंह कंषाना, जयराज सिंह, हमीद खां उस्मानी, चतुर्भुज धनोलिया, राकेश अग्रवाल, रामबाबू श्रीवास, मंगल यादव सहित अनेक कांग्रेसजन सम्मलित थे।