आरजेआईटी में नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए तीन सप्ताह के इंडक्शन कार्यक्रम का शुभारंभ
ग्वालियर। रुस्तमजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरजेआईटी), बीएसएफ अकादमी ग्वालियर में विभिन्न पाठ्यक्रमों में नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए तीन सप्ताह के इंडक्शन कार्यक्रम का शुभारंभ सीएसएमटी सभागार में हुआ। कार्यक्रम में आईपीएस, एडीजी/डायरेक्टर, बीएसएफ अकादमी ग्वालियर एवं वाइस चेयरमैन, आरजेआईटी आनंद प्रताप सिंह, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि आनंद प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने विद्यार्थी जीवन एवं करियर यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की शिक्षा बीआईटीएस पिलानी से प्राप्त की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि उन्हें बीएसएफ जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग करते हुए भविष्य में सफल एवं जिम्मेदार नागरिक बनें और राष्ट्र सेवा में योगदान दें।
कार्यक्रम में डॉ. सी.पी. मीणा, डीआईजी, सीएसएमटी, मनीष चंद्र, कमांडेंट, सीएसएमटी तथा राघवेन्द्र सिंह, कमांडेंट, एसटीसी/ओएसडी-आरजेआईटी सहित बीएसएफ एवं आरजेआईटी के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. सुहेल खान एवं डॉ. नमिता सक्सेना ने बताया कि तीन सप्ताह के इंडक्शन कार्यक्रम में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न क्लबों से परिचय एवं सहभागिता, टैलेंट हंट, भ्रमण, योग, विशेषज्ञ व्याख्यान, बीएसएफ अकादमी का भ्रमण तथा प्लेसमेंट गतिविधियों से परिचय प्रमुख हैं।
आरजेआईटी के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार जैन ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि इंडक्शन कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अकादमिक शिक्षा के साथ संस्थान की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से नव प्रवेशित विद्यार्थियों को आरजेआईटी की शैक्षणिक व्यवस्था, संस्थागत संस्कृति, क्लब गतिविधियों, खेल, अनुशासन एवं रोजगार के अवसरों से परिचित कराया जाएगा, जिससे वे अपने कॉलेज जीवन की बेहतर शुरुआत कर सकें।