सड़कों की गुणवत्ता खराब होगी तो संबंधित पर होगी कार्रवाई: निगम आयुक्त
ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक चौधरी ने जनकार्य विभाग की समीक्षा करते हुए शहर की प्रमुख सड़कों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त श्री टी प्रतीक राव, श्री प्रदीप सिंह तोमर, श्री मुनीश सिंह सिकरवार, अपर आयुक्त वित्त श्री अरविंद शर्मा, अधीक्षण यंत्री श्री सुरेश अहिरवार सहित सभी कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उप यंत्री उपस्थित रहे।
नगर निगम आयुक्त श्री चौधरी ने बाल भवन स्थित टीएलसी सेंटर में समीक्षा बैठक करते हुए निगम द्वारा बनाई जाने वाली विभिन्न सड़कों को लेकर जानकारी प्राप्त की। जिसमें संबंधित अधिकारियों द्वारा बताया गया कि नगर निगम ग्वालियर द्वारा वर्तमान में 93 मुख्य सड़कों के निर्माण का कार्य किया जा रहा है जिसमें 53 सड़के पूर्ण हो गई हैं तथा 23 सड़कों पर निर्माण कार्य प्रगति रत है। इसके साथ ही 11 सड़कों पर कार्य आदेश जारी हो चुके हैं लेकिन कार्य अभी प्रारंभ नहीं हो सका है। वही 4 सड़के टेंडर प्रक्रिया में है तथा दो सड़कों का निर्माण एलिवेटेड रोड के कारण नहीं किया जा रहा है। प्रगतिरत सड़कों के बारे में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि अब बारिश के बाद पुन : कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इसके साथ ही नगर निगम ग्वालियर द्वारा मुख्यमंत्री नगरीय अधोसंरचना अंतर्गत, कायाकल्प योजना के अंतर्गत एवं द्वारका योजना के अंतर्गत साथ ही विशेष निधि से भी सड़कों का निर्माण किया जाता है। इसके साथ ही आप्रारंभ सड़कों की जानकारी ली तथा किस कारण से सड़को का काम शुरू नहीं हो पा रहा इसकी जानकारी ली एवं आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।
निगम आयुक्त ने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता मेंटेन करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है, यदि सड़क की गुणवत्ता खराब होगी तो निश्चित रूप से संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन सडको पर बार-बार समस्या आ रही है, वहां कार्यपालन यंत्री निरीक्षण करें और आवश्यक कार्रवाई करें।
इसके साथ ही निगम द्वारा किए जाने वाले पेंच रिपेयरिंग कार्य की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निगम आयुक्त श्री चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि माननीय न्यायालय द्वारा सड़कों के संबंध में जो निर्देश दिए गए हैं उसकी जानकारी तैयार कर समय सीमा में दें।