लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री डा यादव की कलाई पर बांधी राखियां



ग्वालियर. रक्षाबंधन के पावन पर्व पर ग्वालियर की लाड़ली बहनाओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कलाई पर स्नेह और विश्वास से ओत-प्रोत राखियाँ बांधी। बहनों के हाथों से बंधी इन राखियों के पवित्र धागों ने जहां भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते को भावुक बनाया, वहीं प्रदेश की हर बहन के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और खुशहाली के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव के संकल्प को और मजबूत किया। रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप लाडली बहन योजना के तहत अतिरिक्त धनराशि देने के लिए ग्वालियर की लाडली बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को इस अवसर पर धन्यवाद पत्र भी भेंट किया। वहीं ग्वालियर विमानतल पर तैनात यह सीआईएसएफ की दो महिला सुरक्षा कर्मियों ने जब मुख्यमंत्री डॉ. यादव की कलाई पर राखियां बांधीं तो अत्यंत भावनात्मक दृश्य उभरकर सामने आया। 
लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ यादव के माथे पर रोली का तिलक लगाकर राखी बांधी तो मुख्यमंत्री ने  सभी बहनों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। इस आत्मीय क्षण में उन्होंने कहा कि बहन और भाई का रिश्ता केवल एक पर्व तक सीमित नहीं है, यह जीवनभर के स्नेह, विश्वास और जिम्मेदारी का रिश्ता है। राखी का यह पवित्र धागा हमें निरंतर याद दिलाता रहेगा कि मध्यप्रदेश की प्रत्येक बहन उनके अपने परिवार का हिस्सा है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश की हर बहन के चेहरे पर मुस्कान हो, बेटियां सुरक्षित रहें , आत्मनिर्भर बनें और अपने सपनों को पूरा करते हुए आगे बढ़ें, इसके लिए प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रदेश की हर बहन के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और खुशहाली के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम करती रहेगी।
लाड़ली बहनों के  विश्वास और मुख्यमंत्री की आत्मीयता से रक्षाबंधन का यह अवसर स्नेहिल भावनाओं से भर उठा। मुख्यमंत्री डॉ यादव बुधवार को भिंड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में गोदरेज की चौथी यूनिट का शुभारंभ करने आए थे। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ट्रांजिट विजिट पर विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल के साथ ग्वालियर स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पहुंचे थे।
इस अवसर पर कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष श्री केशव सिंह बघेल, जीडीए के अध्यक्ष श्री मधुसूदन सिंह भदौरिया, महर्षि पतंजलि बोर्ड के अध्यक्ष श्री कौशल शर्मा, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण श्री प्रेम सिंह राजपूत तथा सर्वश्री अनिल सांखला, दीपक शर्मा, विनय जैन, जितेन्द्र गुर्जर राजू पलैया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
विमानतल पर संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री, प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक श्री असित यादव, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक चौधरी, एडीएम श्री सी बी प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। 

जब महिला सुरक्षा गार्डों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर बाँधे राखी के पावन धागे 

ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पर रक्षाबंधन के अवसर पर उस समय भावुक दृश्य बन गया, जब सीआईएसएफ की दो महिला सुरक्षा कर्मियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से राखी बंधवाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने सहर्ष अपनी कलाई आगे बढ़ाई और दोनों बहनों से राखी बंधवाई। भाई की रस्म निभाते हुए उन्होंने दोनों को मिष्ठान और उपहार भी भेंट किए।
एयर टर्मिनल पर तैनात महाराष्ट्र निवासी सुश्री रासकर अश्विनी और राजस्थान निवासी सुश्री पूनम यादव इस बार रक्षाबंधन पर अपने घर नहीं जा पा रही हैं। अपनों से दूर होने की कसक उनके मन में थी, लेकिन मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधते ही उनकी आंखें नम हो गईं। दोनों ने भावुक होकर कहा मुख्यमंत्री जी ने रक्षाबंधन पर्व पर हमें भाई की कमी महसूस नहीं होने दी है। 

posted by Admin
10

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->