नशामुक्त भारत अभियान के तहत हुई क्विज प्रतियोगिता
ग्वालियर। जिले में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न प्रकार की जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जनकगंज में नशा मुक्त भारत अभियान' के अंतर्गत क्विज (प्रश्नोत्तरी) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही समाज को नशामुक्त बनाने में सभी से सक्रिय भागीदारी निभाने के लिये कहा गया। यह आयोजन विद्यालय द्वारा 'मेरा युवा भारत' केंद्र से जुड़े सफल युवा मंडल के सहयोग से किया गया।
नशा मुक्त विषय पर आधारित इस क्विज प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों जसवंत माहौर, अमान खान और गौरव राठौर को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर 'नशा मुक्त भारत अभियान' पर विस्तार से प्रकाश डाला और युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों और विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज निर्माण की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य विपिन कांत त्रिपाठी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती राधा अहिरवार, श्रीमती प्रतिभा शर्मा एवं श्रीमती पूनम कुमारी उपस्थित रहीं और सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। क्विज प्रतियोगिता का संचालन सफल युवा मंडल के अध्यक्ष अरविंद कुशवाह द्वारा किया गया।