होलिका दहन हुआ, महिला पतांजलि योग समिति की बहनों ने मनाया फाग उत्सव
ग्वालियर। शहर मेें होली के त्योहार की शुरूआत गुरूवार को होलिका दहन के साथ हो गई। शहरवासियों ने होलिका पूजन कर होली का दहन किया और लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली त्योहार की बधाई दी। अब शुक्रवार को रंगों की होली खेली जाएगी और एक दूसरे को रंगों में सराबोर किया जाएगा। होली के अवसर पर महिला पतांजलि योग समिति की बहनों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनायें दी।
गुरूवार को महिला पतांजलि योग समिति की बहनों ने योग शिक्षिका श्रीमती अमिता त्रिपाठी के साथ लेडीज पार्क छत्री बाजार में फाग उत्सव मनाया। इस अवसर पर महिला पतांजलि योग समिति की बहनों ने एक दूसरे को गुलाल लगार फाग गीत गाये। वही गुरूवार कीे शाम को होलिका दहन शहर के मंदिरों श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर, श्री सनातन धर्म मंदिर, गिर्राज मंदिर, साईं बाबा मंदिर, करौली माता आदि मंदिर सहित शहर के गली-मौहल्लों, बाजारों, कॉलोनियों और सोसायटियों में विधि-विधान व पूजन के साथ किया गया। इस दिन महिलाओं ने होली को गुलाल लगाते हुए कलावा भी लपेटा और परिक्रमा भी की। वहीं कई स्थानों पर होली के आगे सुंदर रंगोली भी बनाई गई। सराफा बाजार में शहर की सबसे बड़ी होली जलाई गई। वहीं जीवाजी क्लब में भी होली जली। वहीं लोगों ने इन बड़ी-बड़ी होलियों के साथ अपनी सेल्फी भी ली। इसके बाद होली का दहन किया गया। शहर में लगभग 1200 से 1500 जगह होलिका दहन होने से वातावरण में गर्मी का तीव्र एहसास हो गया। शहर में अधिकतर स्थानों पर कंडों की होली जलाई गई।