आसमानी माता मंदिर परिसर में सी.सी. रोड व इंटरलॉकिंग कार्य का भूमिपूजन
ग्वालियर। शहर के दक्षिण क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप सड़क, आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार जारी रहेगा। इसके लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। यह बात सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-37 स्थित आसमानी माता मंदिर परिसर में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में कही। मंत्री कुशवाह ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना (सी.एम. मॉनिट योजना) के अंतर्गत 7.90 लाख रूपये की लागत से होने वाले सी.सी. रोड एवं इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। इस निर्माण कार्य से आसमानी माता मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही परिसर की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा।