अनिरुद्धाचार्य महाराज की श्रीमद भागवत कथा 30 से
- विधायक डॉ सिकरवार ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री के साथ किया कथास्थल का निरीक्षण
ग्वालियर। सामाजिक संस्था जन उत्थान न्यास के तत्वावधान में आगामी 30 नवंबर से फूलबाग मैदान में होने वाली सुप्रसिद्ध कथा व्यास अनिरुद्धाचार्य महाराज की श्रीमद भागवत कथा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में कथा स्थल फूलबाग मैदान पर आयोजन से जुड़ी विभिन्न समितियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक कार्यक्रम के सूत्रधार एवं न्यास के अध्यक्ष विधायक डॉ. सतीश सिकरवार के नेतृत्व में आयोजित की गई।
बैठक में डॉ. सिकरवार ने सभी समितियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। विधायक सिकरवार ने बताया कि कथा के शुभारंभ अवसर पर आगामी 30 नवंबर को सुबह 11 बजे भगवान अचलेश्वर महादेव मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल फूलबाग मैदान पहुंचेगी, जिसमें हजारों की संख्या में मातृशक्ति और श्रद्धालु शामिल होंगे। इस सात दिवसीय आयोजन में सुप्रसिद्ध कथा व्यास अनिरुद्धाचार्य महाराज अपने मुखारविंद से कथा का रसपान कराया जाएगा। बैठक के दौरान पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य भी कथा स्थल फूलबाग मैदान पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम के सूत्रधार एवं विधायक डॉ. सतीश सिकरवार के साथ पूरे पण्डाल और कथा परिसर का निरीक्षण किया। बैठक में पंडित रामबाबू कटारे, महेश मुद्गल, गुप्तेश्वर महाराज, गिर्राज शरण शर्मा गुरूजी, प्रेमसिंह यादव, अनूप अग्रवाल, राम पांडे, पुरुषोत्तम भार्गव, जहांन सिंह तोमर, संजय चौहान, पंडित विजय कब्जू, विनोद जैन, उतम सिंह, उदल सिंह, रेखा जाटव आदि मौजूद रहे।