ग्वालियर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आमजनों की समस्याओं के निराकरण के संदर्भ में शुक्रवार को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की उपस्थिति में शहरी क्षेत्र का जन-विश्वास शिविर पुरानी छावनी स्थित तहसील कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ। शिविर में 257 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें ज्यादातर का निराकरण मौके पर ही किया गया। शिविर में समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ जन-संवाद, उद्यमी संवाद एवं हितग्राहियों से संवाद भी हुआ। शासकीय योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया।
जन-विश्वास शिविर में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान को लोगों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया। शिविर में निगम आयुक्त अभिषेक चैधरी, सीईओ जिला पंचायत सोजान सिंह रावत, क्षेत्रीय पार्षद शिवसिंह यादव व मनोज यादव उपस्थित थे। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने शिविर में उपस्थित लोगों से कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इस सहायता के माध्यम से लोग अपने जीवन को और बेहतर बना सकते हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। वहीं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जन-विश्वास शिविर में पहुँचने से पहले क्षेत्र का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान पुरानी छावनी तहसील में रेत से भरी दो ट्रेक्टर ट्रॉली को रोककर जाँच की गई। जाँच के दौरान बिना अनुमति के परिवहन करते पाए जाने पर दोनों ट्रेक्टर ट्रॉलियों को जब्त कर पुरानी छावनी थाने में जब्त कराया गया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने ट्रांसपोर्ट नगर में नगर निगम के माध्यम से निर्माणाधीन सड़क एवं नाला निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया।