अवैध कॉलोनी निर्माण पर चला निगम का हथोडा
ग्वालियर। नगर निगम सीमांतर्गत अवैध रूप से विकसित की जा रहीं अवैध कॉलोनियों पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। कॉलोनाइजरों द्वारा नगर तथा ग्राम निवेश, ग्वालियर एवं नगर निगम की अनुमति के बिना कॉलोनियों में विकास कार्य किए जा रहे थे। जिन पर कार्रवाई करते हुए निगम अमले द्वारा विकास कार्यों को हटाया गया।
भवन अधिकारी वीरेन्द्र शाक्य ने बताया कि नगर निगम सीमांतर्गत अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही हैै। जिसके तहत शुक्रवार को ग्रामीण विधानसभा वार्ड क्र. 66 के अन्तर्गत ग्राम पिपरौली के सर्वे क्र. 107 रकवा 0.993 हेक्टेयर (4.75 बीघा) भूमि पर मोनू गुर्जर, जितेन्द्र, विमला साहू आदि के द्वारा नगर तथा ग्राम निवेश एवं नगर निगम, ग्वालियर से बिना कॉलोनी विकास अनुज्ञा प्राप्त किये अवैध रूप से निर्मित कॉलोनी में सड़क, सीवर, विद्युत पोल, बाउण्ड्रीवॉल एवं एक भवन आदि हटाने तथा कॉलोनाइजर द्वारा संबंधित भूमि का संपत्तिकर नहीं भरने के उपरांत कार्यवाही की गई। कार्यवाही में सहायक सिटी प्लानर मनीष यादव, नोडल अधिकारी मदाखलत केशव सिंह, मदाखलत अधिकारी शशिकांत शुक्ला, भवन निरीक्षक अनिल श्रीवास्तव, अजय शर्मा, सहा. राजस्व निरीक्षक आनंद यादव, कर संग्रहक, मदाखलत दस्ता एवं पुलिस बल आदि उपस्थित रहे।