ग्वालियर। शिक्षक समाज के निर्माण की आधारशिला और प्रतिभावान विद्यार्थी देश का उज्ज्वल भविष्य होते हैं। विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षकों के समर्पण का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देते हैं। यह बात सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को ग्वालियर के बाल भवन में आयोजित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट शिक्षकों के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।
प्राइवेट स्कूल संचालक संगठन द्वारा आयोजित इस समारोह में मंत्री कुशवाह ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, लगन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन से सफलता हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंत्री कुशवाह ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर जीवन में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिये आगे बढ़ें। सरकार से उन्हें हर संभव मदद मिलेगी। कुशवाह ने कहा कि शिक्षकों का समर्पण और मार्गदर्शन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण एवं बेहतर भविष्य की नींव तैयार करता है। ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान को पहचान देने का माध्यम हैं। कार्यक्रम में श्रीमती पुष्पा डोढी, पंकज पाठक, शैलेश तिवारी, रामनिवास मिश्रा, श्रीमती साधना कपूर, ओ.पी. जैन, लक्ष्मण सिंह कुशवाह, पवन गोले, दिलीप तिवारी, राज जोशी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।