प्रेस्टीज प्रबंधन एवं शोध संस्थान में ‘फिन कनेक्ट’ के अंतर्गत वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम एवं बैंकिंग सुविधा शिविर का आयोजन
ग्वालियर। प्रेस्टीज प्रबंधन एवं शोध संस्थान, ग्वालियर में ‘युवा कनेक्ट’ पहल के अंतर्गत **‘फिन कनेक्ट – उद्योग, अंतर्दृष्टि एवं अवसर’** विषय पर वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम एवं बैंकिंग सुविधा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय एवं बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें बैंकिंग उद्योग की कार्यप्रणाली, आधुनिक सेवाओं, डिजिटल बैंकिंग और रोजगार के अवसरों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी), ग्वालियर के डिप्टी सर्किल हेड श्री राकेश शर्मा मुख्य अतिथि तथा पीएनबी, मुरार शाखा के शाखा प्रबंधक श्री शुभम मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री राकेश शर्मा ने विद्यार्थियों को बैंकिंग एवं डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते महत्व के साथ-साथ डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के उपायों और भविष्य के लिए प्रभावी वित्तीय नियोजन के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, श्री शुभम मिश्रा एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को शिक्षा ऋण, बैंक द्वारा उपलब्ध विभिन्न वित्तीय सुविधाओं तथा बैंकिंग सेवाओं की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बैंकिंग सेवाओं से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करने का अवसर भी मिला।
कार्यक्रम में लगभग 250 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. निर्मल्य बंद्योपाध्याय, फाइनेंस हेड डॉ. तारिका सिंह सिकरवार, असिस्टेंट प्रोफेसर सुगंधा मुदुली सहित संस्थान के अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. जनार्दन कु करेजा एवं फामा क्लब द्वारा किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाने, बैंकिंग क्षेत्र की कार्यप्रणाली समझाने तथा उन्हें उपलब्ध वित्तीय एवं शैक्षणिक सुविधाओं से परिचित कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।