विश्व धरोहर सप्ताह में आयोजित हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिले पुरस्कार
ग्वालियर। विश्व धरोहर सप्ताह के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक स्मारकों एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव के आतिथ्य में विश्व धरोहर सप्ताह के तहत समापन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाण पत्र वितरित किए।
विश्व धरोहर सप्ताह के आखिरी दिन सोमवार को उपनगर के अंतर्गत मोहम्मद गौस मकबरे से केंद्रीय पुरातत्व संग्रहालय, गुजरी महल तक हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। हेरिटेज वॉक का शुभारंभ पुरातत्व विभाग के उपसंचालक सी.टी. महोबिया एवं माधव महाविद्यालय के विभागाध्यक्ष डॉ मनोज अवस्थी ने हरी झण्डी दिखाकर किया। हेरिटेज वॉक के माध्यम से विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों को ग्वालियर की ऐतिहासिक धरोहरों के महत्व से अवगत कराया गया। जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश जाटव ने चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अंत में सपन साहू ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के आयोजन में मुकेश गाजरे, विकास रायजादकर एवं मुकेश कुमार हल्दना सहित अन्य कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।