मेला आरटीओ छूट को लेकर तोमर-सिंधिया समर्थक व्यापारी गुटों में बंटे
ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेला लगने की तैयारियां शुरू होने को है और मेला लगभग 25 दिसंबर से शुरू भी हो सकता है। लेकिन मेले में वाहनों की बिक्री पर आरटीओ रजिस्ट्रेशन पर 50 प्रतिशत छूट की मांग व उसके श्रेय लेने को होड़ शुरू हो गई है। यह बात तय है कि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दबाब में आरटीओ छूट मिलेगी। लेकिन इसकी घोषणा के श्रेय लेने की कवायद चल रही है।
गत दिवस ग्वालियर में मप्र विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से जुड़े आटोमोबाइल व्यपारी मुकेश अग्रवाल, संजय गर्ग, समाधिया ने मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था कि मेला में वाहन पंजीयन में आरटीओ टैक्स की 50 प्रतिशत छूट का आदेश जल्द जारी किया जाये। इसका बाकायदा प्रेसनोट भी जारी किया गया, ताकि मेले में वाहन पंजीयन की छूट मिले तो इसका श्रेय विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर को दिया जा सकें।
सिंधिया समर्थक व्यापारी भी सक्रिय हुये
व्यापार मेले में आरटीओ की छूट कई सालों बाद केन्द्रीय मंत्री सिंधिया जी के प्रयासों से मिली थी। इसलिये इस बार विधानसभा अध्यक्ष तोमर से उनके समर्थक आटोमोबाइल व्यापारी मिलने के बाद अब सिंधिया समर्थक आटोमोबाइल व्यापारी मप्र चेंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल दिल्ली लेकर आननफानन में पहुंचे और उनसे मुलाकात कर ज्ञापन की औपचारिकता निभाई। बाद में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने तुरंत ही आज ही एक लैटर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव को भेजा। सिंधिया मिलने वाले आटोमोबाइल व्यापारियों में आटोमोबाइल व्हीकल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीकांत समाधिया, गुना जिला व्यापार उद्योग महासंघ के उपाध्यक्ष विनीत सेठ, भरत नागपाल आदि शामिल थे।