प्रकाश पर्व पर फूलबाग गुरुद्वारे में हुआ विशेष कीर्तन, रागियों ने किया संगत को निहाल
ग्वालियर। मंगलवार को गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। लश्कर स्थित गुरुद्वारा फूलबाग में विशेष कीर्तन दीवान सजाए गए। पंजाब के तरनतारन स्थित श्री दरबार साहिब से पहुंचे हजूरी रागियों ने गुरुवाणी कीर्तन प्रस्तुत किया, वहीं अमृतसर से आए कथावाचकों ने गुरु साहिब की शिक्षाओं और जीवन प्रसंगों पर प्रवचन दिए। कार्यक्रम में ग्वालियर सहित चंबल अंचल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगत शामिल हुई।
गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सचिव सतनाम सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व पर सुबह 8 बजे से अखंड पाठ साहिब का आयोजन किया गया। इसके बाद विशेष कीर्तन दीवान सजाए गए। इनमें हजूरी रागियों ने गुरुवाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया। कथावाचकों ने गुरु नानक देव जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। इससे पहले सोमवार रात को भी गुरुद्वारे में विशेष कीर्तन दीवान सजाया गया था। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर हाजिरी लगाई। प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में सुबह से ही गुरु का लंगर शुरू हो गया था। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने प्रकाश पर्व पर ग्वालियर और चंबल क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही गुरु नानक देव जी के बताए सत्य, सेवा, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।