आधुनिक खेती से बढ़ेगी जनजातीय किसानों की आय, कृषि विश्वविद्यालय ने सिखाए उन्नत तरीके
ग्वालियर। जनजातीय किसानों की खेती को अधिक लाभकारी बनाने और उनकी आय बढ़ाने के लिए राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय ने आधुनिक खेती की तकनीकों से जोड़ने की पहल की है। विश्वविद्यालय के जनजातीय अध्ययन एवं विकास केन्द्र में 24 नवंबर को जनजातीय उप योजना के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण सह बीज आदान वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें घाटीगांव विकासखंड के लगभग 50 जनजातीय किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला ने किसानों से वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक पद्धतियों के उपयोग से उत्पादन और आय दोनों बढ़ाए जा सकते हैं, जिससे जनजातीय किसान विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. शैलेन्द्र सिंह कुशवाह ने रबी फसल विशेषकर गेहूं की उन्नत खेती की जानकारी दी। उन्होंने बीज दर, बीजोपचार, बुवाई की विधि, कतारों की दूरी, खरपतवार नियंत्रण और संतुलित खाद के उपयोग के तरीके समझाए। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एस.पी.एस. तोमर ने रबी फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों की पहचान और बचाव के उपाय बताए। वहीं पशुपालन वैज्ञानिक डॉ. जितेन्द्र सिंह राजपूत ने उन्नत पशुपालन एवं मुर्गी पालन की जानकारी दी। अंत में कुलपति ने किसानों को भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली द्वारा विकसित गेहूं की उन्नत किस्म एचडी-2967 के बीज और पूसा सब्जी बीज किट वितरित किए।