व्यापार मेला में वाहनों की खरीद पर आरटीओ शुल्क में 50% छूट की घोषणा शीघ्र की जाए : MPCCI
ग्वालियर। ऐतिहासिक ग्वालियर व्यापार मेला के अगले माह (दिसम्बर-2026) से प्रारम्भ होने की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आज म. प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्वारा आज प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, जल संसाधन एवं प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को पत्र प्रेषित कर माँग की गई है कि प्रति वर्ष की भांति मेला अवधि के दौरान वाहन क्रय करने पर आरटीओ शुल्क में 50% की घोषणा शीघ्रातिशीघ्र की जाए ।
ज्ञात रहे गौरवशाली व्यापार मेला के शुभारम्भ से मेला समाप्ति की तिथि तक राज्य शासन द्वारा विगत् 08 वर्षों से वाहन क्रय करने पर आरटीओ शुल्क में 50% की छूट दी जाती रही । इसी क्रम में गत् वर्ष भी राज्य सरकार द्वारा यह छूट प्रदान की गई थी । अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष-सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष-संदीप नारायण अग्रवाल, मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव-दीपक पमनानी एवं कोषाध्यक्ष-मनोज अग्रवाल ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा है कि ग्वालियर के इस सुप्रसिद्ध व्यापार मेला का न केवल ग्वालियर अंचल के नागरिक इंतजार करते हैं, अपितु सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के नागरिक इस मेला का बेसब्री से इंतजार करते हैं । इसी के साथ ऑटोमोबाइल डीलर्स को भी इस मेले के आयोजन की प्रतीक्षा वर्ष भर रहती है क्योंकि इस मेला अवधि के दौरान क्रय किए जाने वाले वाहनों के आरटीओ पंजीयन शुल्क पर राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाले 50% की छूट इस मेला का मुख्य आकर्षण होती है । इसलिए यह आवश्यक है कि 50% छूट की घोषणा पर राज्य सरकार द्वारा शीघ्रातिशीघ्र निर्णय लिया जाए और बाद में यथाशीघ्र इसकी अधिसूचना जारी की जाए । साथ ही, यह छूट मेला अवधि के दौरान विक्रित वाहनों के लिए ही हो ।
पदाधिकारियों द्वारा पत्र में माँग की गई है कि ग्वालियर व्यापार मेला में गत् वर्षों की भांति ही इस वर्ष भी ऑटोमोबाइल्स पर गैर परिवहन यानों तथा छोटे परिवहन यानों पर रोड टेक्स में 50% छूट शासन द्वारा उपलब्ध कराए जाने संबंधी घोषणा शीघ्र की जाए क्योंकि राज्य सरकार के इस निर्णय से निश्चित ही राज्य के राजस्व में भी कम समय में अधिक कोष की प्राप्ति एक ही स्थान से कर के रूप में हो सकेगी ।