मोबाइल कारोबारी रातों रात 7 करोड़ लेकर भागा, घर दुकान सब बेच गया
ग्वालियर। ग्वालियर से व्यापारियों द्वारा मोटा रूपया लेकर भाग जाने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को ग्वालियर से एक मोबाइल कारोबारी लगभग 4 करोड़ रूपये से अधिक की राशि लेकर भाग गया। यह राशि विभिन्न मोबाइल ब्रांडों की थी, जो विभिन्न मोबाइल वितरकों से मोबाइल लेने पर उसके उपर डयू थी। मोबाइल व्यापारी का नाम अमित हवलानी है, जो राजीव प्लाजा जयेन्द्रगंज में मोबाइल प्लस नाम से शोरूम चलाता था।
मोबाइल व्यापारी अमित हवलानी के भागने का पता मंगलवार सुबह उस समय चला जब उसकी दुकान सुबह खाली मिली। दुकान खाली मिलने पर मोबाइल वितरकों ने अमित हवलानी को फोन लगाया तो उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद व्यापारी उसके घर सेवानगर पहुंचे तो घर पर भी ताला मिला। इससे व्यापारियों का माथा ठनका और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अमित हवलानी और उसके परिवार का अता पता नहीं चला। इसके बाद लुटे-पिटे मोबाइल व्यापारी इंदरगंज थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इंदरगंज पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर मोबाइल व्यापारियों का रूपया लेकर भागे अमित हवलानी की तलाश शुरू कर दी है। मोबाइल व्यापारी नितिन कालानी, संदीप और योगेश ने अमित हवलानी के खिलाफ 4 करोड़ रूपया लेकर भाग जाने की शिकायत पुलिस से की है। इधर कुछ अन्य व्यापारियों का कहना है कि अमित हवलानी 7 करोड़ रूपये से भी ज्यादा का फ्राड करके भागा है।