ग्वालियर । राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद जयभान सिंह पवैया की पहल पर सामूहिक गोवर्धन पूजा महोत्सव का 25वाँ आयोजन सोमवार को भक्तिभाव के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में छप्पन भोग अर्पण व आरती के उपरांत गौपूजन किया गया व 1100 दीपों को स्वास्तिक आकृति में प्रज्वलित कर आतिशबाज़ी के साथ गिरिराज धरण के उदघोषोंसे वातावरण भक्तिमय हो उठा । राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष पवैया के ग्वालियर में भगतसिंह नगर स्थित स्थानीय निवास सेवापथ परिसर में आयोजित हुआ।
सेवापथ परिसर में पंचगव्य से निर्मित गोवर्धन जी मनोहारी विग्रह का वैदिक मंत्रोच्चार से पूजन व आरती की गई। इस अवसर पर राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति की परमेश्वर के रूप में पूजा है और गौवंश के उपकार के प्रति मनुष्य जाति की कृतज्ञता । उन्होंने कहा कि त्योहारों की परम्परा भारत की समृद्धि और अखंडता के लिये जरूरी है । भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पूजा व गौ - सेवा का संदेश देकर मानव जाति को यही संदेश दिया । पूजन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंदापुरकर ने कहा कि गिरिराज पूजा का संदेश है कि समाज संगठित होकर ही सभी संकटों व विपत्तियों पर पार पा सकता है । गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह, अपैक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र यादव, पूर्व मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, जीडीए अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक सुरेंद्र मिश्रा, विजय दीक्षित, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, स्वामी ऋषभदेवानंद, भाजपा के प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पराशर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया तथा सुधीर गुप्ता, अभय चौधरी, रामवरण गुर्जर, मुन्नालाल गोयल उपस्थित थे।