प्रतीक राव नवागत आईएएस, लेकिन काम में आगे
- 300 करोड़ के संपत्तिकर का टारगेट कर लिया तो कीर्तिमान बनायेंगे
ग्वालियर। ग्वालियर नगर निगम में पहली बार कोई ऐसा अपर आयुक्त एडीशनल कमिश्नर आया हैं जो बाकायदा जिम्मेदारी से नगर निगम में व्यापक सुधार, शहर की साफ सफाई व्यवस्था में सुधार, संपत्तिकर में उल्लेखनीय रिकार्ड वसूली के टारगेट को लेकर आगे बढ़ रहा है। अपने पिता स्व. टी. धर्माराव आईएएस के पदचिन्हों पर चलकर नवागत आईएएस टी. प्रतीक राव ने अल्प समय में ही ग्वालियर में अपनी इमेज बना ली हैं। पूरे नगर निगम में उनको सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। ईमानदार प्रतीक राव ने अब नगर निगम में काम को लेकर अपने तेवर भी स्पष्ट कर दिये हैं। यदि प्रतीक राव नगर निगम कमिश्नर अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में 300 करोड़ रूपये के संपत्ति कर के टारगेट को प्राप्त कर लेते है तो मान लीजिये यह ग्वालियर निगम में एक रिकार्ड साबित होगा।
यहां बता दें कि पिछले 15-20 सालों से नगर निगम ग्वालियर ने संपत्ति कर के टारगेट को लेकर लंबे चौड़े दावे किये थे, लेकिन हर बार संपत्ति कर 110, या अधिक से अधिक 125 करोड़ तक का ही पहुंच पाया था। लेकिन इस बार नवागत आईएएस अधिकारी टी. प्रतीक राव ने अपर कमिश्नर का पद सम्हालने के बाद इस लक्ष्य पर काम शुरू भी कर दिया है। उन्होंने अपने मातहतों को कह भी दिया है कि मुझे हर हाल में संपत्तिकर का 300 करोड़ का लक्ष्य पूरा करना हैं। उन्होंने सभी बकायेदारों से वसूली के निर्देश दिये है। वहीं यह भी कहा है कि जो व्यक्ति किसी संस्थान, मकान या अपनी संपत्ति का संपत्ति कर न दें, उसके मकान के सामने से कचरा न उठाये। अपर कमिश्नर टी. प्रतीक राव के इस निर्देश से निगम के अधिकारी, कर्मचारी भी सजग है, वहीं संपत्ति कर जमा नहीं करने वाले अब परेशान है। खास बात यह है कि उन्हें कमिश्नर आईएएस अभिषेक चौधरी की ओर से निगम हित में फ्री हैण्ड मिला हुआ हैं।
स्वच्छता में भी ध्यान दे रहे
अपर कमिश्नर प्रतीक राव को जो भी काम सौंपा जाता है, वह उसमे ईमानदारी व पूरी मेहनत से जुट जाते है। ग्वालियर को स्वच्छ बनाने के लिये भी वह बहुत मेहनत कर रहे है। ऐसा पहली बार हुआ है कि उन्होंने स्वच्छता कर्मियों से आग्रह किया है कि वह दीपावली के पर्व पर रविवार का अवकाश न ले और नियमित साफ सफाई में योगदान दें। इसी कारण रविवार को भी पूरे शहर में सफाई कर्मी डयूटी पर पहुंचे और अपने काम को मुस्तैदी से किया। इसी कारण पूरे शहर में आज नगर निगम के सफाई अमले की तारीफ हो रही है। क्योंकि घरों की साफ सफाई से निकलने वाला कचरा अब सड़कों पर फैल नहीं रहा है। वह प्रापर अपने कचरा निस्तारण सेंटर पर जा रहा हैं।
अनुपयोगी सामान एकत्रित करने की अनूठी पहल
गत वर्ष की तरह इस बार भी अपर कमिश्नर टी. प्रतीक राव ने स्वच्छता की दीपावली, एक रूपये वाली का अभियान जोर-शोर से चलाया। जिससे लोग अपने घरों का अनुपयोगी सामान निगम के सेंटरों में एक रूपये के साथ जमा कर रहे है। अभी तक 20 हजार अनुपयोगी सामान एकत्र हो चुका है। यह सामान अभी और बढ़ेगा व इसे दीपावली से पहले जरूरतमंदों में बांट दिया जायेगा। कुल मिलाकर टी. प्रतीक राव ग्वालियर में कलेक्टर रहे अपने पिता स्व. टी. धर्माराव द्वारा किये गये लोगों की भलाई के कामों को लेकर ही अपनी आईएएस की नौकरी सेवा मिशन के साथ पूरा कर रहे हैं।