जीडीए अध्यक्ष भदौरिया ने मुख्यमंत्री डा. यादव से की भेंट
- माधव प्लाजा वातानुकूलित परिसर के हितग्राहियों की समस्याओं से कराया अवगत
ग्वालियर। ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर ग्वालियर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित महत्वाकांक्षी योजना माधव प्लाजा वातानुकूलित परिसर के हितग्राहियों से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया।
इस अवसर पर जीडीए अध्यक्ष भदौरिया ने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर अनुरोध किया कि माधव प्लाजा योजना के निर्माण कार्य के दौरान पर्यावरणीय अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त नहीं होने के कारण निर्माण कार्य पर लगी रोक की अवधि के लिए हितग्राहियों पर अधिरोपित ब्याज राशि को माफ किए जाने के संबंध में उचित निर्णय लिया जाए। उन्होंने अवगत कराया कि इस संबंध में चेम्बर ऑफ कॉमर्स एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों द्वारा समय-समय पर ज्ञापन एवं पत्र प्रस्तुत कर पर्यावरणीय एनओसी के अभाव में निर्माण कार्य पर लगी रोक की अवधि के दौरान लगने वाले ब्याज को माफ किए जाने की मांग की जाती रही है।
जीडीए अध्यक्ष भदौरिया ने यह भी बताया कि विभिन्न परिस्थितियों के कारण हितग्राहियों द्वारा समय पर राशि जमा नहीं कराई जा सकी, जिसके परिणामस्वरूप ग्वालियर विकास प्राधिकरण को भी काफी वित्तीय हानि का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रकरण में सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ब्याज माफी के संबंध में उचित निर्णय लेने का आग्रह किया, ताकि माधव प्लाजा के हितग्राहियों को राहत मिल सके तथा प्राधिकरण के वित्तीय हितों की भी रक्षा हो सके। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।