ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय के गालव सभागार में मंगलवार को मध्य क्षेत्रीय युवा उत्सव 2026-27 के लिए चयन स्पर्धा आयोजित की गई। इसमें करीब 150 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विधाओं में भाग लेकर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन स्पर्धा का आयोजन आईटीएम विश्वविद्यालय, ग्वालियर में दिसंबर में प्रस्तावित युवा उत्सव में भागीदारी के लिए किया गया।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. जे.एन. गौतम की उपस्थिति में मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। उन्होंने कहा कि मध्य क्षेत्रीय युवा उत्सव में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के करीब 180 विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करते हैं। जीवाजी विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर ट्रॉफी हासिल करते रहे हैं। चयन स्पर्धा में एकल शास्त्रीय गायन, शास्त्रीय एकल वादन, सुगम गायन, पाश्चात्य गायन, मिमिक्री, स्किट तथा ऑन द स्पॉट पेंटिंग सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर डॉ. पारुल बंसल, डॉ. विनय कुमार श्रीवास्तव, श्री नवनीत कौशल, श्रीमती वैशाली मोधे सहित अन्य उपस्थित रहे।