धन्य है कुक्कू और धन्य है डा. जमाल, 3 माह की बच्ची का आपरेशन करेंगे
(विनय अग्रवाल)
ग्वालियर। धन्य है चेंबर आफ कामर्स के कार्यकारिणी सदस्य समाजसेवी संजीव अग्रवाल कुक्कू और धन्य है देश के प्रख्यात ह्रदय रोग विशेषज्ञ डा. युसूफ जमाल जिन्होंने दिल के छेद की बीमारी से जूझ रही 3 माह की मासूम बच्ची का आपरेशन करने के लिये मन में जज्बा लिया अब शुक्रवार को डा. युसूफ जमाल दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में इस मासूम बच्ची के दिल के छेद का आपरेशन करेंगे।
ज्ञांतव्य हैं कि गत दिवस जमुनाबाई मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा चेंबर आफ कामर्स में एक निशुल्क ह्रदय रोग जांच व उपचार का कैम्प लगाया था। इस कैंप में देश के विख्यात ह्रदय रोग विशेषज्ञ डा. युसूफ जमाल दिल्ली से आये थे और उन्होंने सैकड़ों ह्रदय रोग मरीजों की जांच की थी। इस शिविर में एक तीन माह की बच्ची और 7 साल का बच्चा भी अपने अभिभावकों के साथ आये थे। इन बच्चों की हालत देखकर समाजसेवी व कैंप आयोजक संजीव अग्रवाल कुक्कू व डा. युसूफ जमाल का ह्रदय भी पसीज गया और उन्होंने दोनों बच्चों के अभिभावकों को उन्हें लेकर शुक्रवार को दिल्ली आने को कहा है। जहां वह विभिन्न जांचें कर उनका आपरेशन करेंगे।
डा. युसूफ जमाल व कुक्कू को शिविर में उनका उपचार करते देख तीन माह की नासमझ भी बिना रोये उन्हें देखती रही, जिस पर डा. जमाल व कुक्कू ने उसकी ओर देखकर प्यार से हाथ फेरा और कहा बेटा तेरा इलाज जरूर होगा। डा. जमाल और कुक्कू की इस पहल पर दिल के छेद की बीमारी से परेशान दोनों बच्चों के अभिभावक बेहद खुश है और शुक्रवार को दिल्ली पहुंच रहे हैं।
हां बच्चों का इलाज करूंगाः डा. जमाल
डा. युसूफ जमाल ने इस संवाददाता से बातचीत में कहा कि हां मैं इन बच्चों को दिल के छेद की बीमारी से निजात दिलाउंगा। उन्होंने कहा कि उनके दिल्ली आने पर हम सभी जांच करेंगे और फिर तारीख तय कर शीघ्र आपरेशन करेंगे। डा. जमाल ने कहा कि प्रत्येक रोगी को रोग से निजात दिलाना उनका धर्म है और वह इसी सिद्धांत पर काम करते हैं।