पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में 190 वारंटी गिरफ्तार, 270 गुंडे-हिस्ट्रीशीटर किए चेक
- त्योहारों से पहले ग्वालियर पुलिस का देर रात तक चला ऑपरेशन
ग्वालियर। त्योहारों से पहले कानून व्यवस्था मजबूत करने और बदमाशी रोकने के लिए पुलिस का एक्शन शुरू हो गया है। पुलिस नामजद बदमाशों के साथ फरार बदमाशों पर शिकंजा कस रही है, जिससे वारदातों पर लगाम लगाई जा सकें। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात पुलिस ने शहर और देहात में कॉम्बिंग गश्त की। देर रात तक चले अभियान में पुलिस ने 190 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 110 स्थाई और 80 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा 134 गुंडों और 136 हिस्ट्रीशीटरों समेत 270 बदमाशों की चेकिंग की गई।
एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर एएसपी सुजावल जग्गा, सुमन गुर्जर, डॉ. शिवेश सिंह बघेल और ग्रामीण एएसपी जयराज कुबेर समेत पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में टीमों के साथ गश्त की। पुलिस ने फरार बदमाशों, जिलाबदर आरोपियों और वारंटियों के घर पहुंचकर उनकी जानकारी ली। होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबे और बैंक-एटीएम भी चेक किए। संदिग्ध वाहनों और मुंह बांधकर चल रहे दोपहिया वाहन चालकों की भी जांच की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान महाराजपुरा और भितरवार में अवैध शराब के एक-एक, जबकि बेलगढ़ा में दो प्रकरण दर्ज किए गए। अन्य मामलों में भी पुलिस ने छह कार्रवाई की। सक्रिय बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उनके रिकॉर्ड भी अपडेट किए गए। पुलिस ने जेल से रिहा होकर आए आरोपियों और हिस्ट्रीशीटरों की भी जांच की। बदमाशों को चेतावनी दी गई कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कॉम्बिंग गश्त आगे भी जारी रहेगी।
एसएसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि बदमाशों पर लगाम लगाने के लिए जिलेभर में पुलिस का एक्शन जारी रहेगा और पुलिस की टीमें चिह्नित इलाकों में कार्रवाई करेगी, जिससे बदमाशों पर लगाम लगाई जा सकंे। बीती रात पुलिस ने जिले में कॉम्बिंग गश्त कर 190 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 110 स्थाई और 80 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा 134 गुंडों और 136 हिस्ट्रीशीटरों समेत 270 बदमाशों की चेकिंग की गई।