ग्वालियर। शहर में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मुरार निवासी 69 वर्षीय बुजुर्ग की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मरीज वर्तमान में एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती है। बताया जा रहा है कि मरीज की ट्रैवल हिस्ट्री दिल्ली की है।
इसके साथ ही ग्वालियर में अब तक स्वाइन फ्लू के कुल पांच मरीज मिल चुके हैं। इससे पहले चार मरीजों की पुष्टि हो चुकी थी। सोमवार को पांचवें मरीज की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचल के सबसे बड़े 1000 बिस्तर वाले जेएएच अस्पताल के अधीक्षक और सीएमएचओ डा एमएस सागर ने सभी डॉक्टरों को सतर्क रहने और प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं सिविल सर्जन डा सीमा जायसवाल ने मुरार जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए विशेष कक्ष बनाकर डॉक्टरों की टीम गठित की है।