निगम आयुक्त ने निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग का निरीक्षण किया
ग्वालियर। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी एवं स्मार्ट सिटी सीईओ टी. प्रतीक राव ने रविवार को महाराज बाड़ा स्थित निर्माणाधीन मल्टी लेवल कार पार्किंग का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित वेंडर कंपनी एलएनटी के अधिकारियों को कार्य में अपेक्षित गति लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण स्थल पर डिवाटरिंग (जल निकासी) की व्यवस्था की भी जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए डिवाटरिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी सीईओ ने संबंधित निगम अधिकारियों को जल्द से जल्द बोरिंग मिलान की कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए और परियोजना को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।