ग्वालियर। 8 मप्र बटालियन एनसीसी ग्वालियर के कमान अधिकारी कर्नल सुमित दुआ के तत्वावधान में डोगरा रेजिमेंट, मुरार कैंट में आयोजित 46वें संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ जीवन उपयोगी विषयों का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर के पांचवें दिन फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने कैडेट्स को आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और बचाव प्रक्रियाओं का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही कैम्प एडजुटेंट कैप्टन (डॉ.) समीर भार्गव ने घावों के प्रकार और प्राथमिक उपचार पर विस्तृत जानकारी दी, ताकि आपात स्थिति में कैडेट्स घायल व्यक्ति की मदद कर सकें। इस दौरान आर.एस. तोमर ने ऑपरेशन विजय (कारगिल युद्ध-1999), सड़क एवं रेल सुरक्षा पर व्याख्यान दिया। कैप्टन भार्गव ने व्यक्तित्व विकास और तनाव प्रबंधन पर कक्षाएं लीं, जिसमें आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता पर जोर दिया गया।
शिविर का विशेष आकर्षण टीबी मुक्त भारत अभियान रहा, जिसके तहत कैडेट्स ने आर्य नगर में जाकर लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया। मेडिकल ऑफिसर ने भी इस विषय पर विशेष व्याख्यान दिया।इसके अलावा मुश्ताक अली ने आपदा प्रबंधन, ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी, जबकि एडम ऑफिसर कर्नल एच.एस. अहलूवालिया ने भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान एवं पुरस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला।
गणतंत्र दिवस परेड कैंप की तैयारी के तहत ड्रिल, गार्ड ऑफ ऑनर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अभ्यास भी कराया जा रहा है। शिविर का सफल संचालन एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट मुश्ताक अली, एसएम राजवंत सिंह, एसओ आर.एस. तोमर, केयरटेकर अर्चना भदोरिया सहित जेसीओ, एनसीओ एवं पीआई स्टाफ द्वारा किया जा रहा है।