दीपावली से पहले गड्ढा मुक्त करें शहर: निगमायुक्त चौधरी
ग्वालियर । निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने शुक्रवार सुबह शहर में कई स्थानों का निरीक्षण किया। सबसे पहले निगमायुक्त ने बाल भवन के सामने एकलव्य खेल परिसर का निरीक्षण किया। वहां पर निगमायुक्त ने पिकल वॉल का इंडोर स्टेडियम बनाने के निर्देष दिए हैं। इसके साथ एकलव्य खेल परिसर की छत से बारिश में पानी टपक रहा था, निगमायुक्त ने खेल परिसर की छत को रेनोवेट कराने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप तोमर, सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार, नोडल खेल अधिकारी बृजकिशोर त्यागी, सहायक यंत्री अमित गुप्ता, राजू गोयल, अनूप लिटोरिया, सहायक खेल अधिकारी सुश्री विजेता सिंह चौहान आदि उपस्थित थे।
निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने शुक्रवार की सुबह शहर में विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया, निगमायुक्त ने तरण पुष्कर का निरीक्षण किया, वहां पर उन्होंने बेहतर रखरखाव की प्रशंसा की। इसके बाद निगमायुक्त ने गालव सभागार का निरीक्षण किया, निगमायुक्त ने सभागार केे अपग्रेडेशन का प्रेजेंटेशन तैयार करने निर्देश दिए हैं। निगमायुक्त ने कहा कि है कि गालव सभागार को किस प्रकार बेहतर बनाया जा सकता है, जिससे आमजनों को लाभ मिल सके, साथ ही निगम का राजस्व भी बढ सकें, प्रेजेंटेशन तैयार करते समय इन सभी बातों को ध्यान में रखने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद निगमायुक्त ने पडाव स्थित बस स्टैण्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें सडक पर सीवर का पानी भरा मिला, निगमायुक्त ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर हाल में यहां सीवर लाइन साफ होनी चाहिए, जिससे आमजनों को राहत मिल सके और जलभराव की समस्या समाप्त हो। निगमायुक्त ने रेलवे स्टेशन बजरिया का निरीक्षण किया, वहां पर उन्होंने सफाई आदि कराने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने पेचवर्क को देखा तथा निर्देष दिए कि शहर की सडकों को दीपावली तक गड्ढा मुक्त किया जाए, इसके लिए दिन और रात दोनों समय काम किया जाए। सहायक यंत्री अमित गुप्ता ने पेचवर्क करने वाले ठेकेदार को लेबर बढाने के निर्देष दिए हैं। इसके साथ ही व्यावसायिक क्षेत्र एवं व्यस्त सड़कों पर रात के समय पेचवर्क करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे यातायात और व्यापार बाधित ना हो। इसके बाद निगमायुक्त ने नाका चंद्रवदनी स्थित नाले का निरीक्षण किया।