खुले में सीवर सिल्ट का मलवा खाली करने वाले निजी ठेकेदार का वाहन जब्त
ग्वालियर। शमशान रोड, मुरार क्षेत्र में निजी ठेकेदार के निजी वाहन द्वारा खुले में सीवर सिल्ट का मलवा खाली किए जाने की शिकायत प्राप्त होने पर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित वाहन को जप्त कर वाहन स्वामी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। वाहन पर नगर निगम ग्वालियर लिखा हुआ था, लेकिन वाहन नगर निगम का नहीं है। जप्त किए गए वाहन को नगर निगम की पूर्व विधानसभा डिपो में सुरक्षित रूप से खड़ा कराते हुए अंकित सक्सेना के सुपुर्द किया गया है। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी का कहना हैं कि शहर में सीवर सिल्ट, कचरा अथवा अन्य अपशिष्ट को खुले स्थानों पर अनाधिकृत रूप से खाली करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीवेज पंप हाउस पर शराब पिलाने की शिकायत पर कर्मचारी को हटाया
ग्वालियर। बिरला नगर स्थित सीवेज पंप हाउस पर कार्यरत ठेकेदार के कर्मचारी अतुल द्वारा शराब पिलाए जाने संबंधी वीडियो के माध्यम से शिकायत प्राप्त होने पर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की है। निगमायुक्त चौधरी के निर्देश पर अधीक्षण यंत्री पीएचईएस.एल. बाथम द्वारा संबंधित ठेकेदार बबलू धारीवाल, धारीवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी को तत्काल पत्र जारी कर निर्देशित किया गया कि शिकायत में सामने आए कर्मचारी को तत्काल कार्य से हटाया जाए तथा संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निगम के निर्देशों के बाद ठेकेदार द्वारा संबंधित कर्मचारी को कार्य से हटा दिया गया है तथा उसके स्थान पर दूसरे कर्मचारी की नियुक्ति कर दी गई है।