निगमायुक्त ने किया निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण
ग्वालियर। गुरूवार सुबह सुबह निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी निरीक्षण पर निकले। निरीक्षण के दौरा निगम आयुक्त ने शहर की सीवर समस्या सहित निर्माणाधीन कार्यों को देखा।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने सबसे पहले बेटी बचाओ तिराहे स्थित निर्माणाधीन सडक को देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक का निर्माण कार्य तेज गति के साथ ही और गुणवत्तापूर्वक किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने हनुमान बांध और स्वर्णरेखा नदी में सीवर लाइन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई स्थानों पर सीवर लाइन को टूटी देखा। जिसके चलते उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के दौरान कितनी सीवर लाइन टूटी है, कितने की ठेकेदार ने मरम्मत कर दी है। साथ ही कितनी सीवर लाइन की मरम्मत की जानी है, इसकी विस्तृत रिपोर्ट बनाकर दें। अधिकारियों ने बताया कि ठेकेदार ने पूरी सीवर लाइन की मरम्मत नहीं की है, जिसके कारण अभी भी सीवर की समस्या बनी हुई है।
इसके बाद निगमायुक्त ने महाराज बाड़ा स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को तेज गति से कार्य करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पार्किंग के बैसमेंट में निकल रहे पानी का निरीक्षण किया और उसके निराकरण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्मार्ट सिटी द्वारा बनाए गए इन्डस्ट्रीयल म्यूजियम का भी निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने टाउन हॉल के निर्माण कार्य को देखा और उसे जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने नगर निगम के पुराने मुख्यालय को देखा। साथ ही उसमें निर्माणाधीन दुकानों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद निगमायुक्त ने मेहराब साहब की तलैया का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार, अधीक्षण यंत्री एसएल बाथम, सुरेश अहिरवार, कार्यपालन यंत्री शिशिर श्रीवास्तव, प्रवीण दीक्षित, सहायक यंत्री वेदप्रकाश निरंजन, बृजबिहारी चंसोलिया, उपयंत्री कपिल पटेल, स्वास्थ्य अधिकारी किशोर चौहान सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।