निगमायुक्त ने किया संग्रहालय का औचक निरीक्षण
ग्वालियर। निगम आयुक्त संघ प्रिय ने सोमवार को निर्माणाधीन नगर निगम संग्रहालय, नगर निगम परिषद एवं क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 13 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर हाल में 15 अगस्त तक संग्रहालय का कार्य पूर्ण कर दिया जाए, जिससे इसे जल्द से जल्द आमजनों के अवलोकन के लिए खोला जा सके। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण यंत्री सुरेश अहिरवार, कार्यपालन यंत्री पवन शर्मा, सहायक यंत्री मनीष यादव, विपिन दुबे, क्षेत्रीय अधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह गुर्जर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निगम आयुक्त संघ प्रिय ने संग्रहालय का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द सभी गैलरियों का कार्य पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि वह 15 अगस्त को फिर से संग्रहालय का निरीक्षण करेंगे तब तक कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए। वहीं निर्माणाधीन परिषद भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अक्टूबर माह तक सिडयूल के हिसाब से परिषद हॉल एवं ग्राउंड फ्लोर का कार्य पूर्ण कर लिया जाए, जिससे परिषद की बैठक हो सके। इसके साथ ही अन्य कार्यों को तेज गति से करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 13 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य में देरी को लेकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने वहां पर कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर चेक किए, इस दौरान एक कर्मचारी अनुपस्थित मिला, उसे नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सम्पत्तिकर आदि की जानकारी ली कि किस प्रकार सम्पत्तिकर को ऑनलाइन फीड किया जाता है।