नागपंचमी पर निकलेगी बाबा महाकाल की सवारी
14 अगस्त को शिवपुराण कथा से पहले निकलेगी भव्य कलश यात्रा, 11 सौ महिलाएं सिर पर कलश रखकर चलेंगी
ग्वालियर। नागपंचमी के पावन अवसर पर 17 अगस्त को दोपहर 3 बजे से उपनगर ग्वालियर में गतवर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा महाकाली शाही सवारी निकाली जाएगी, जिसमें अनेक संत महंत और हजारों श्रद्धालु शिरकत करेंगे। इससे पहले 14 अगस्त से पार्थिव शिवलिंग निर्माण, रुद्राभिषेक एवं शिवमहापुराण कथा शुरू होगी, जिसके लिए 1 अगस्त को सुबह 10 बजे संतकृपाल महाराज के सानिध्य में भूमिपूजन किया जाएगा।
कथाचार्य पंडित भूपेंद्र मुद्गल ने बताया कि हनुमंत बगिया कांचमिल से शुरू होकर यह विभिन्न मार्गों से होते हुई नवीन पार्क कथा स्थल पहुंचेगी। बाबा की सवारी के लिए पार्थिव स्वरूप बनाया जाएगा। इसमें देवी-देवताओं की विभिन्न झांकियां तो होंगी,लेकिन किसी भी देवी देवता को सड़क पर नचाया नहीं जाएगा। पं मुद्गल ने बताया कि बाबा महाकाल की सवारी में जो शामिल होता है, उसके रोग दोष दूर हो जाते हैं और भगवान भोलेनाथ की कृपा उसे मिलती है।
शिवपुराण कथा से पूर्व 14 अगस्त को सुबह 8 बजे से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 11 कलशधारी महिलाएं और शहरभर से श्रद्धालु शिरकत करेंगे। कलश यात्रा में सम्मलित होने वाली महिलाओं को पीली साड़ी और कलश प्रदान किए जाएंगे, जिसके लिए पंजीयन आरंभ हो चुके हैं। 14 अगस्त से ही पार्थिव शिवलिंग का निर्माण शुरू हो जाएगा। सुबह 7 से 10 बजे तक श्रद्धालु मिट्टी के शिवलिंग बनाएंंगे। सुबह 10 से 11 बजे तक उनका अभिषेक किया जाएगा। शिवपुराण की कथा दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। 22 अगस्त तक कथा होगी 23 को पूर्णाहूति एवं प्रसादी वितरण किया जाएगा।