जिला पंचायत अध्यक्ष की अध्यक्षता में जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आयोजित
ग्वालियर। जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह घुरैया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई), पशुपालन विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, कृषि विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग, कृषि अभियांत्रिकी विभाग सहित विभिन्न विभागों की प्रगति एवं संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं उपलब्धियों की बिंदुवार जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इनके व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया गया। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि के उद्देश्य से कृत्रिम गर्भाधान (एआई) का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए गुजरात मॉडल का उल्लेख करते हुए उसके प्रभावी क्रियान्वयन से प्रेरणा लेने पर भी जोर दिया। अंत में सभी विभागों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश प्रदान किए गए।