म.प्र. डिप्लोमा इंजीनियरों की वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
ग्वालियर, । म.प्र. डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन ने प्रदेश के डिप्लोमा इंजीनियरों की वर्षों से लंबित वेतन संबंधी विसंगतियों के निराकरण की मांग को लेकर संभागीय आयुक्त ग्वालियर के माध्यम से मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव, मंत्रालय भोपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के क्षेत्रीय अध्यक्ष इं. योगेश भदौरिया एवं जिला अध्यक्ष इं. रजनीश गुप्ता ने बताया कि यह ज्ञापन एसोसिएशन के संरक्षक इं. राजेंद्र सिंह भदौरिया एवं प्रांतध्यक्ष इं. रविंद्र सिंह कुशवाह के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया। ज्ञापन में प्रारंभिक ग्रेड पे एवं चतुर्थ समयमान वेतनमान से संबंधित विसंगतियों को शीघ्र दूर करने का अनुरोध किया गया है।
माननीय मुख्यमंत्री महोदय के नाम प्रेषित ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के डिप्लोमा इंजीनियरों के लिए वर्ष 2018 में जारी आदेश के अनुसार प्रारंभिक ग्रेड पे ₹3200 के स्थान पर ₹3600 स्वीकृत किया गया, किंतु इसका लाभ केवल उन कर्मचारियों तक सीमित कर दिया गया जिनकी नियुक्ति लोक सेवा आयोग अथवा चयन परीक्षा के माध्यम से हुई है। जबकि म.प्र. में अधिकांश डिप्लोमा इंजीनियरों की नियुक्ति इस प्रक्रिया से नहीं होती। परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में इंजीनियर इस लाभ से वंचित हैं। एसोसिएशन ने मांग की है कि उक्त शर्त को तत्काल समाप्त कर सभी पात्र डिप्लोमा इंजीनियरों को प्रारंभिक ग्रेड पे ₹3600 का लाभ प्रदान किया जाए ।
एसोसिएशन ने यह भी बताया कि 35 वर्ष की नियमित सेवा पूर्ण कर चुके अनेक डिप्लोमा इंजीनियरों को शासन के वर्ष 2023 के आदेश में निहित प्रावधानों के कारण चतुर्थ समयमान वेतनमान का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस विसंगति के कारण कार्यरत एवं सेवानिवृत्त दोनों वर्गों के इंजीनियर प्रभावित हो रहे हैं। इसलिए शासन द्वारा जारी आदेश की संबंधित कंडिका 03 को विलोपित कर सभी पात्र डिप्लोमा इंजीनियरों को चतुर्थ समयमान वेतनमान का लाभ प्रदान करने की मांग की गई है। इन दोनों मांगों के निराकरण से प्रदेश के हजारों इंजी को न्याय मिलेगा तथा लंबे समय से चली आ रही वेतन संबंधी विसंगतियां समाप्त होंगी। उन्होंने प्रदेश शासन से इस विषय में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया ।
इस अवसर पर इं. विजय खेमरिया, इं. रमेश सिंह भदौरिया, इं. एल. गुप्ता (जिला अध्यक्ष, सेवानिवृत्त प्रकोष्ठ), इं. सी. एस. पाठक (क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष), इं. संजय जैन, इं. योगेश सिंह भदौरिया, इं. वीरेंद्र सिंह यादव, इं. दीपक जैन, इंजीनियर जगमोहन शाक्य (जिला अध्यक्ष, दतिया), इं. प्रदीप स्वर्णकार, इं. गिरीश भटेले, इं.प्रीमत रावत, इं. शिवराज सिंह सिकरवार, इं. हेमन्त शर्मा इं. पंकज सिंह चौहान, इं.श्रीमती रश्मिी शेडगे, इं. आर. एल. एस मावई, इं. जगमोहन शाक्य दतिया, इं. अर्जुन बाथम, इं. हेमन्त शाक्य, इं. ब्रजेश भार्गव शिवपुरी, इं. बी. पी. सिंह, इं. शिवराम सिकरवार, इं. विवेक कुशवाह, सहित बड़ी संख्या में डिप्लोमा इंजीनियर उपस्थित रहे।