ग्रीष्मकाल में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर निगम अध्यक्ष मनोज तोमर ने ली बैठक
ग्वालियर। गर्मी के मौसम में शहरवासियों को निर्बाध एवं समय पर पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम परिषद ग्वालियर के अध्यक्ष मनोज तोमर ने पीएचई (जलकर) विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक निज निवास कार्यालय में आयोजित की। बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि पिछले कुछ समय से यह शिकायतें सामने आ रही थीं कि कई स्थानों पर पानी की टंकियां समय पर नहीं भर पा रही हैं, जिसके कारण जलापूर्ति प्रभावित हो रही है और नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जलाशयों एवं टंकियों को निर्धारित समय पर भरा जाए, ताकि शहर में पानी की सप्लाई तय समय पर हो सके और आमजन को किसी प्रकार की जल समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों से जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा। अध्यक्ष ने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल की उपलब्धता नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।