उदयपुर इंटरसिटी में चैन पुलिंग से घबराये यात्री कूदे, पातालकोट की चपेट में आये
- 4 यात्रियों के मरने व कुछ के घायल होने की खबर
ग्वालियर। ग्वालियर से 35 किलोमीटर दूर मुरैना जिले में एक रेल हादसे की खबर है। उदयपुर खजुराहो इंटरसिटी 19665 में चैन पुलिंग पर उतरे घबराये यात्री आगरा से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस 20424 की चपेट में आ गये। जिससे 4 यात्रियों के रेल से कटकर मरने व कुछ के घायल होने की खबर है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार खजुराहो उदयपुर इंटरसिटी मुरैना से धौलपुर रवाना हुई थी। तभी हेतमपुर स्टेशन के नजदीक किसी शरारतीतत्व ने चैन पुलिंग कर दी। जिससे घबराहट में यात्री अप ट्रेक पर कूद गये। जहां आगरा से पातालकोट एक्सप्रेस आ रही थी, जिसमे उदयपुर के यात्री पातालकोट की चपेट में आ गये। झांसी रेल मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है, रेलवे टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।

रेलवे के अनुसार लगभग 16:15 बजे उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर (HET) – धौलपुर (DHO) रेलखंड में गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच (इंजन से दूसरा कोच) में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग (ACP) किए जाने के कारण गाड़ी सेक्शन में रुक गई। प्राप्त प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, गाड़ी के रुकने के दौरान कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर समीपवर्ती रेल लाइन पर चले गए। इसी दौरान अप दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की सूचना प्राप्त हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। घटना के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।