एलएनआईपीई को फिट इंडिया एवं विश्व साइकिल दिवस पर राष्ट्रीय सम्मान

ग्वालियर। लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई), ग्वालियर को फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, सक्रिय जीवनशैली तथा सतत परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिष्ठित “FERN Felicitation – Silver Category Certificate of Recognition” एवं विश्व साइकिल दिवस सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्थान द्वारा परिसर में पैदल चलने, साइकिल उपयोग को प्रोत्साहित करने तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
भोपाल में आयोजित समारोह में माननीय सहकारिता, खेल एवं युवक कल्याण मंत्री विश्वास सारंग द्वारा यह सम्मान एलएनआईपीई की ओर से प्रभारी कुलपति प्रो. एम. के. सिंह ने प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एलएनआईपीई सदैव फिट इंडिया आंदोलन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। संस्थान में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं।
फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत एलएनआईपीई ने सक्रिय एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि करने, परिवार एवं समाज को फिट रहने के लिए प्रेरित करने तथा नियमित फिटनेस मूल्यांकन की शपथ को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया है। इसी के साथ संस्थान द्वारा साइकिलिंग संस्कृति को बढ़ावा देकर हरित एवं प्रदूषण-मुक्त परिसर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है।
यह सम्मान एलएनआईपीई के लिए गौरव का विषय है तथा देशभर के शैक्षणिक संस्थानों के लिए फिटनेस, सतत विकास और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व का प्रेरणास्रोत बनेगा। संस्थान परिवार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया l